झारखंड: लॉकडाउन का 16वां दिन / कोरोनावायरस से राज्य में पहली मौत, बाेकारो में बुजुर्ग ने दम तोड़ा; एक दिन में 9 नए मामले सामने आए

 





झारखंड में बुधवार देर रात एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। 72 साल का बुजुर्ग बोकारो के साड़म गांव का रहने वाला था। उसकी ट्रैवल हिस्ट्री नहीं थी। राज्य में कोरोना के कारण यह पहली मौत है। निमोनिया और सांस लेने में दिक्कत की वजह से उसे बोकारो के जनरल हॉस्पिटल में आइसोलेशन में रखा गया था और जांच के लिए सैंपल रिम्स भेजा गया था। बुधवार को ही उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद मृतक गांव को सील कर दिया गया। वहीं, इलाके के बैंक भी अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिए गए।





प्रशासन की टीम गुरुवार सुबह मृतक के गांव पहुंची और उसके घर समेत आसपास के इलाकों को सैनिटाइज किया गया। मृतक के गांव साड़म सहित पूरे बोकारो में लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।


बुजुर्ग 4 अप्रैल से बोकारो के अस्पताल में भर्ती था


सिविल सर्जन डॉक्टर अशोक कुमार पाठक ने बताया कि 72 साल के बुजुर्ग की तबियत खराब थी और उसे इलाज के लिए चार अप्रैल को बोकारो जनरल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया था। उसके लक्षण को देखकर कोरोना पॉजिटिव होने का संदेह था। सैंपल लेकर जांच के लिए रांची भेजा गया था। बुधवार रात उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उन्होंने बताया कि बोकारो के कुल पांच कोरोना संक्रमित मरीजों में से मृतक एक था।


झारखंड में कोरोना के मरीजों की संख्या हुई 13, 9 नए मामले सामने आए


झारखंड में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 9 नए मामले सामने आए। इसमें 5 मरीज रांची के हैं जबकि 4 बोकारो के। रांची में मिले 5 नए केस हिंदपीढ़ी क्षेत्र के हैं। ये सभी इस इलाके से मिली दूसरी कोरोना पॉजिटिव महिला के परिवार के हैं। बोकारो में मिले 4 नए मरीज चंद्रपुरा प्रखंड के उसी तेलोगांव के हैं, जहां से पहले एक महिला पॉजिटिव मिल चुकी है। यह बांग्लादेश से लौटी थी। सभी संक्रमित गांव में ही बने क्वारैंटाइन सेंटर में थे, देर रात इन्हें बाकी लोगों से अलग कर दिया गया। इस तरह राज्य में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 13 हो गई। इसमें सबसे ज्यादा 7 रांची, 5 बोकारो और 1 हजारीबाग का है।


रांची में पांच नए कोरोना पॉजिटिव मरीज


रांची में मिले 5 नए मरीजों को अब तक रिम्स के ही आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। इनमें पहले से संक्रमित महिला का पति भी था, जिसे पहले से ही किडनी की बीमारी है।इन सभी को बुधवार रात करीब 10 बजे आइसोलेशन वार्ड से ट्रॉमा सेंटर स्थित कोविड-19 वार्ड में शिफ्ट किया गया है। इधर, हिंदपीढ़ी इलाके में कोरोना पॉजिटिव सात मरीजों के मिलने के बाद गुरुवार को प्रशासन ने अगले 72 घंटों तक के लिए इस क्षेत्र को सील कर दिया है।


झारखंड में कोरोना के मरीज



  • कुल संक्रमित- 13

  • नए संक्रमित- 09

  • कुल सैंपल- 1315

  • कुल निगेटिव- 1099

  • वेटिंग- 199


रिम्स में मैनपावर की कमी, 31 लोगों के भरोसे नहीं बढ़ पा रही सैंपल जांच
रिम्स में कोरोना की सैंपल जांच करनेवाली दूसरी आरटीपीसीआर मशीन बुधवार को ठीक हो गई। इसके बावजूद रोजाना 92 सैंपल की ही जांच होगी। 24 अप्रैल से रिम्स में सैंपल की जांच शुरू हुई थी। तब से अब तक माइक्रोबायोलॉजी विभाग ने कुल 998 सैंपल लिए, इनमें 755 सैंपलों की ही जांच हो पाई है। लैब-टेक्निशियनों ने बताया कि स्टाफ की कमी होने के कारण सैंपल जांच नहीं बढ़ पा रही है। रिम्स में अभी फैकल्टी, साइंटिस्ट, लैब टेक्निशियन मिलाकर कुल 31 लोग ही काम कर रहे हैं। इधर, रिम्स में बुधवार को 400 पीपीई किट दिल्ली से पहुंची।


पहले कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत के बाद भी नहीं सुधर रहे लोग


राज्य में बुधवार देर रात कोरोना संक्रमित मरीज की मौत होने के बाद भी लोगों में न तो इसका का खौफ दिख रहा है और न ही वे लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं। सोशल डिस्टेंसिंग की तो रोज धज्जियां उड़ाई जा रही है। राजधानी रांची समेत, धनबाद, जमशेदपुर, गिरिडीह, गुमला, दुमका, गढ़वा सहित राज्य के अन्य जिलों में अभी भी सब्जी मंडियों में भीड़ जुट रही है। लोग बेवजह सड़कों पर निकल रहे हैं। बैंकों, गैस एजेंसियों पर जुट रही लोगों की भीड़ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रही है।


पुलिस-प्रशासन लोगों को जागरुक करने के लिए तमाम कोशिशें कर रहा है। इसके बावजूद लोगों की आदतों में सुधार नहीं हो रहा। प्रशासन का कहना है कि कई जगहों पर वॉलेंटियर्स, पुलिस, प्रशासन, सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा खाद्य सामग्री पहुंचाई जा रही है, लेकिन भीड़ रोजाना की तरह सड़कों पर निकल रही है।


गुमला में कोरोना फैलाने की अफवाह की वजह से दो समुदाय के बीच झड़प


गुमला में मंगलवार देर शाम कोरोना संक्रमण फैलाने और चोरी की अफवाह की वजह से दो समुदाय के बीच झड़प के बाद गुरुवार सुबह जिले समेत सिसई में हालात सामान्य बने रहे। झड़प में एक युवक की मौत हो गई थी जबकि दो अन्य को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया था।



Popular posts
फेक न्यूज / अफवाह: कोरोना रोकने को एमबीबीएस इंटर्न की भर्ती होगी;  हकीकत : एमसीआई ने पत्र जारी नहीं किया यह ठगी का प्रयास
छत्तीसगढ़ के आश्रय स्थल की ग्राउंड रिपोर्ट / जिनकी सुबह रोजी-रोटी की तलाश के साथ शुरू होती थी, अब योग, खेल और संगीत के लुत्फ में बीत रहा उनका लॉकडाउन
लॉकडाउन बढ़ाने की शुरुआत / ओडिशा ने 30 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाया, ऐसा करने वाला पहला राज्य; सीएम की केंद्र से अपील- ट्रेन और हवाई सेवा भी शुरू न करें
भोपाल / सेंट्रल जेल में दो गुट भिड़े: जुबेर की गर्लफ्रेंड मुन्ना से मिलकर चली जाती थी, इसलिए हुआ खूनी संघर्ष
कोरोनावायरस / हरियाणा में 8 नए मामले आए, अब कुल 161 संक्रमित, बहादुरगढ़ में नर्स तो कैथल मदरसे में 9 वर्षीय बच्चा पॉजिटिव मिला